बीकानेर : कलियुगी बेटे ने किया मां पर धारदार हथियार से हमला, दोनों पैरों के पंजे कटे
बीकानेर। जिले के नोखा थाना इलाके में कलियुगी बेटे ने मामूली बात को लेकर मां पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले में मां के दोनों पैरों के पंजे कट गए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को नोखा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नोखा के वार्ड नंबर 11 में रहने वाली मघीदेवी और उसके पुत्र संजय के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। रविवार को मघी देवी अपने घर में बैठी थी कि अचानक उसका पुत्र संजय धारदार हथियार लेकर आया और जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए, जिससे उसके दोनों पैरों के पंजे कट गए। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल मघीदेवी को नोखा के जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। नोखा पुलिस ने मघीदेवी की रिपोर्ट पर आरोपी पुत्र के विरुद्ध जानलेवा हमले सहित कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।

