8 बाराती कार में जिंदा जले; तेज रफ्तार में कार डीवाइडर से टकराई,फिर डंपर से भीषण भिडंत,सेंट्रल लॉक से कार से कोई नही निकल पाया,मृतकों में 7 युवक एक बच्चा
दैनिक खबरां । यूपी के बरेली में कार और डंपर की भीषण टक्कर में 8 बारातियों की कार में जलकर मौत हो गई। हादसा भोजीपुरा के पास नैनीताल हाईवे पर शनिवार देर रात हुआ। यहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में आ गई। इतने में सामने से आ रहे डंपर ने कार को टक्कर मारी। डंपर भी तेज स्पीड में था। वह कार को 15 से 20 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद धमाका हुआ और कार और डंपर में आग लग गई। SSP घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि कार सेंट्रली लॉक थी। इसलिए कार सवार कोई भी बाहर नहीं निकल पाया। अंदर जिंदा जलकर मौत हो गई। बाद में कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों में 7 युवक और एक बच्चा है। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू तो पाया, लेकिन तब तक कार सवार सभी 8 लोग जिंदा जल चुके थे। पुलिस के मुताबिक, शव इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी शिनाख्त कर पाना तक तक मुश्किल है। SSP ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
बरेली से बारात से लौट रहे थे सभी
बहेड़ी के जाम मोहल्ला निवासी उवैस की बारात शनिवार को बरेली के फहम लॉन आई थी। इसमें जाने के लिए वहीं रहने वाले रिश्तेदार फुरकान ने अर्टिगा कार बुक कराई थी। कार मालिक सुमित गुप्ता है, जिसका ट्रैवल का काम है। फुरकान अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ बारात में शामिल होने के लिए पहुंचा। शादी अटेंड की। फिर रात में 11 बजे इन लोगों ने बारात से वापसी कर ली।
धमाका इतना तेज हुआ कि लोग नींद से उठ गए
अर्टिगा और डंपर में टक्कर के बाद धमाका इतना तेज हुआ कि हाईवे के किनारे रहने वाले लोगों की नींद खुल गई। वह घरों से बाहर पहुंचे। देखा तो कार और डंपर में आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह कुछ कर नहीं सके। अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिश तो की, लेकिन हर कोशिश नाकाम रही।
कार सवार ये 8 लोग जिंदा जले
1. इरफान पुत्र भूरे निवासी मितापुर
2. मोहम्मद आरिफ पुत्र मन्नी
3. शादाब पुत्र अब्दुल माजिद
4. आसिफ पुत्र शमीम
5. आलिम पुत्र जाहिद अली
6. अय्यूब पुत्र यूनिस
7. मुन्ने पुत्र इस्माइल
8. आसिफ पुत्र यूसुफ

