पटरियों के दोनों तरफ झाड़ियों में लगी आग, रेलवे चालक ने पांच किमी तक उल्टी दौड़ाई ट्रेन,पढ़े पूरी खबर..
दैनिक खबरां नेटवर्क। पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र के पीर दुल्हेशाह-चोटिला के निकट गुरुवार दोपहर रेलवे पटरी के आस-पास दोनों तरफ झाड़ियों में आग लग गई। उसी समय बीकानेर-बांद्रा ट्रेन आ गई। आग देखकर ट्रेन चालक ने करीब पांच किलोमीटर तक ट्रेन को उलटा दौड़ाकर रोहट रेलवे स्टेशन पर पहुंचाया। ट्रेन करीब तीन घंटे तक रोहट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार आग लगने का कारण नहीं पता चला। जैसे ही आग लगने की सूचना मिली। समाजसेवियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। पटरी के एक तरफ आग बुझा ली गई लेकिन तेज हवा के कारण दूसरी ओर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इस दौरान जोधपुर की तरफ से बीकानेर-बांद्रा ट्रेन आने लगी। ट्रेन चालक ने बीच रास्ते में पटरी के आस-पास आग और धुआं देखते ही सूझबूझ से ट्रेन को बीच में ही रोक दिया और ट्रेन को वहीं से वापस उलटा चलाते हुए रोहट रेलवे स्टेशन पर ले जाकर खड़ा कर दिया।
ट्रेन करीब तीन घंटे तक ट्रेन रोहट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। इधर, आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दमकल को सूचना देकर मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंची दो दमकलों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इसके बाद रोहट रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना किया गया।

