बड़ी खबर : राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए ने इस महिला को घोषित किया उम्मीदवार, पढ़े खबर

देश

नई दिल्ली@दैनिक ख़बरां। राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए ने उम्मीदवार का एलान कर दिया है। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में द्रौपदी मुर्मू के नाम पर सहमति बनी। ओडिशा की रहने वाली द्रौपदी मुर्मू इससे पहले झारखंड की पहली महिला आदिवासी राज्यपाल भी रह चुकी हैं। उनकी उम्र 64 साल है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुर्मू के नाम का एलान करते हुए कहा कि इस बार पार्टी नेताओं के बीच राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए 20 नामों पर चर्चा हुई। इसमें तय हुआ कि इस बार चुनाव के लिए पूर्वी भारत से कोई, महिला और आदिवासी होना चाहिए।

आज शाम को ही भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। इस बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के नाम पर मंथन किया गया।  पार्टी मुख्यालय में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य शामिल हुए हैं। 

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों ने  संयुक्त उम्मीदवार के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के नाम की घोषणा की है।  वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया जारी है। 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है।