राजस्थान: गांधी भवन के पास चलती कार पर अचानक गिरी क्रेन, एक घायल, दो अन्य….

अजमेर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

राजस्थान: गांधी भवन के पास चलती कार पर अचानक गिरी क्रेन, एक घायल, दो अन्य….

अजमेर, @Dainikkhabraan। राजस्‍थान के अजमेर में चलती कार पर क्रेन गिर जाने से एक व्‍यक्ति घायल हो गया है। हादसा गांधी भवन के सामने हुआ। यहां पर एलिवेटेड रोड का काम चल रहा है। काम में लगी क्रेन वहां खड़ी एक कार पर गिर गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार में तीन लोग सवार थे जिनमें से एक घायल है।

दरअसल अजमेर जिले में करोड़ों रुपयों की लागत से एलिवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है।अजमेर शहर को जून 2021 तक एलिवेटेड रोड की सौगात मिलने वाली थी लेकिन प्रोजेक्ट काफी डिले हो गया। 220 करोड़ से 2.6 किलोमीटर लंबाई का एलिवेटेड रोड तैयार किया जा रहा है।

मार्टिंडल ब्रिज से आगरा गेट और गांधी भवन से पुरानी आरपीएससी तक निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अक्सर निर्माण कार्य के दौरान न तो प्रशासन और न ही निर्माण करने वाली कंपनी कोई रोड डायवर्ट करती है। सड़क भी चलती रहती है और काम भी चलता रहता है। आज सवेरे भी ऐसा ही चल रहा था। कार नीचे से निकली ही थी कि क्रेन चालक क्रेन से संतुलन खो बैठा और क्रेन कार पर गिर गई। तेज धमाका हुआ और उसके बाद भगदड मच गई। कार में से जब जिंदा लोग बाहर निकले तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे में सिर्फ कार ही चकनाचूर हुई। एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। यह चमत्कार देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।