तीसरी लहर की आशंका : पीबीएम अस्पताल में फिर से कोरोना रोगियों को भर्ती करने की तैयारी, डेंगू के सामान्य मरीजों को छुट्टी, गंभीर रोगियों को कर रहे एक वार्ड में शिफ्ट….

चिकित्सा बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन

तीसरी लहर की आशंका : पीबीएम अस्पताल में फिर से कोरोना रोगियों को भर्ती करने की तैयारी, डेंगू के सामान्य मरीजों को छुट्टी, गंभीर रोगियों को कर रहे एक वार्ड में शिफ्ट।

बीकानेर, @dainikkhabraan। बीकानेर में तीन दिन में पांच कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन सकते में आ गया है। कोरोना की पहली और दूसरी लहर के बाद अब तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में पीबीएम अस्पताल में एक बार फिर से रोगियों को भर्ती करने की तैयारी हो रही है। हालांकि पीबीएम अस्पताल प्रशासन इस मामले में अभी मौन है।

पीबीएम अस्पताल परिसर के एससीएच विंग में इन दिनों डेंगू मरीज भर्ती हो रहे हैं। इससे पहले कोरोना की दूसरी लहर में इसी विंग में मरीजों को भर्ती किया गया था। अब फिर से यहां कोरोना मरीजों को भर्ती करने की तैयारी हो रही है। इस विंग में भर्ती डेंगू मरीजों को अब छुट्टी दी जा रही है। जो सामान्य रोगी है, उन्हें घर भेजा जा रहा है जबकि ज्यादा गंभीर रोगियों को एक वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कोरोना रोगियों को यहां फिर से भर्ती किया जा सकता है।

कलक्टर ने ली रिपोर्ट
पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता ने भी व्यवस्थाओं की रिपोर्ट ली है। माना जा रहा है कि प्रशासन भी अब तीसरी लहर की आशंका से परेशान है। इसीलिए व्यवस्थाओं को फिर से संभाला जा रहा है। बीकानेर में अगर एक्टिव केस लगातार बढ़ रहे हैं। जयपुर में लगातार बढ़ रहे केस के बाद सरकार ने भी रिपोर्ट मांग ली है।