बस व थार की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, एक हुआ घायल
बीकानेर, दैनिक खबरां । शनिवार देर रात्रि जिले के सेरूणा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो जनों की मौत हो गई है। जबकि एक घायल हो गया। घायल का पीबीएम ट्रॉमा में इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक यह सड़क हादसा सवारी बस और थार जीप के आमने सामने हुई टक्कर से हुआ। इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई तो दूसरे ने पीबीएम में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के मुताबिक श्रीडूंगरगढ़ की तरफ झंझेऊ गांव के पास बीकानेर से जयपुर की ओर से जा रही करणी महाराजा की बस ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। तभी बस सामने आ रही थार गाड़ी से आमने सामने जा भिड़ी। बस पास चल रहे ट्रक से भी टकराई। थार गाड़ी चकनाचूर हो गयी और बस भी आगे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। वाहनों के आपस में टकराने से जोरदार आवाज हुई जिससे बस में घबराए यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। सेरुणा थाने के थानाधिकारी पवन कुमार,मुंशी फतेहसिंह सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा व पुलिस ने थार में सवार तीनों को बाहर निकाला। दो गम्भीर घायलों को 108 से बीकानेर भेज दिया गया व एक मृतक का शव श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। हाइवे पेट्रोलिंग टीम व लखासर टोल टीम भी मौके पर पहुंची व बचाव कार्य में जुटे रहें। पुलिस ने हाइवे से वाहनों को हटा कर अवरुद्ध रास्ता क्लियर करवाया। एक बस सवार भी चोटिल हुआ व शेष यात्रियों में किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा व दूसरी बसों व साधनों से यात्री जयपुर व बीकानेर गए। गौरतलब है, श्रीडूंगरगढ़ थाना इलाके का हाइवे सड़क हादसों के लिए जिले भर में विख्यात है, यंहा आए दिन हादसे होते रहते है।

