राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बीकानेर आएंगी उनकी सुरक्षा के लिए एक हजार जवान तैनात,यह रहेगा आज का कार्यक्रम..
बीकानेर@दैनिक खबरां। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को पहली बार बीकानेर आएंगी। वे यहां आयोजित राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए करीब एक हजार जवानों को तैनात किया गया है। एएसपी हरि शंकर ने बताया कि राष्ट्रपति सेना के सुरक्षा घेरे में रहेंगी। उनकी अगवानी के लिए बीकानेर सहित रेंज के आईएएस, आईपीएस, आरपीएस तथा महिला सुरक्षा कर्मियों सहित अन्य उच्चाधिकारियों को लगाया गया है। साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पूर्वाभ्यास किया गया।
विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास किया। राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में सोमवार को भारतीय संस्कृति एक मंच पर नजर आएगी। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास किया।
ये रहेगा कार्यक्रम..
राष्ट्रपति दोपहर दिल्ली से रवाना होकर 03:25 बजे नाल एयर फोर्स स्टेशन पहुंचेगी। उसके बाद सीधे डाॅ. करणी सिंह स्टेडियम आएंगी, जहां उनका ढोल एवं नगाड़ों के साथ स्वागत किया जाएगा। राज्यपाल कलराज मिश्र राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। राष्ट्रपति राजस्थान में पहली बार बीकानेर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के 14वें संस्करण का उद्घाटन करेंगी।
इस अवसर पर वे क्राफ्ट आंगन एवं कुजिन एरिया का दौरा भी करेंगी। उनका देशनोक जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान के कला और संस्कृति मंत्री डॉ. बी डी कल्ला, नगर निगम बीकानेर की मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित सहित मैदान में गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

