पुलिस ने पकड़ी एक करोड़ रुपए की अवैध शराब, संतरे की पेटियों के बीच छुपाकर रखी, दो ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
जोधपुर। जोधपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक करोड़ रुपए की अवैध शराब बरामद की है। ट्रक ड्राइवर संतरों की आड़ की शराब की तस्करी कर रहा था। मामले में दो ट्रकों को जब्त कर दो ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए शराब को जमा किया जाना था।
जोधपुर ग्रामीण एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात खेड़ापा पुलिस थाने के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान महाराष्ट्र पासिंग एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया। इस पर ड्राइवर गाड़ी को भगाने लगा। पुलिस ने ट्रक को घेरकर रोका और उसमें सवार चौहटन के गंगाल निवासी सवाईराम पुत्र स्वरूपाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया। उसका पूरा ट्रक खाली था।
कुछ देर बाद ट्रक को एस्कॉर्ट कर रहे दूसरे राजस्थान पासिंग ट्रक को रोककर जांच की गई। ड्राइवर ने ट्रक में संतरा भरा होना बताया। ट्रक की तलाशी में संतरों के कैरेट के नीचे शराब की पेटियां मिली। इस पर पुलिस ने ड्राइवर उंडखा बाडमेर निवासी धर्माराम पुत्र चनणाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को थाने लेकर आए।
एक करोड़ की शराब की बरामद
ट्रक से 100 कैरेट संतरा और 120 संतरा के कैरेट में अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टन बरामद किए गए। मैग्डॉल नंबर 01 की बोतलों से भरे कुल 210 कार्टन, मैग्डॉल नंबर 01 के पव्वों से भरे हुए कुल 390 कार्टन, ऑल सीजन से भरी अंग्रेजी शराब की बोतल के कुल 280 कार्टन, रॉयल चैलेजर्स के 96 कार्टन और रॉयल चैलेजर्स विस्की से भरी कुल 290 कार्टन बरामद किए। पुलिस ने कुल 1255 शराब के कार्टन बरामद किए है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 1.25 करोड़ है।

