
बीकानेर में वेयरहाउस से ट्रक में लोड हुई लाखों की मूंगफली रास्ते में हुई गायब ! 25 टन माल खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर से लाखों रुपए की 24,910 किलो मूंगफली से भरा ट्रक गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में मुक्ता प्रसाद कॉलोनी थाना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष जाखड़ पुत्र रामेश्वरलाल जाट, जवाहरनगर बीकानेर निवासी ने लिखित शिकायत में बताया कि उसका 24,910 किलो मूंगफली का माल करणी रिको स्थित रंगोली वेयरहाउस से ट्रक नंबर आरजे 07 जीजी 2072 में लोड करवाकर केशोद (गुजरात) भेजा गया था।
लेकिन आरोप है कि ट्रक चालक अब्दुल गनी ने माल को नियत गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही खुर्दबुर्द कर दिया। तय स्थान पर माल नहीं पहुंचने से व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की जांच लालाराम हडकानि को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और वाहन व चालक की गतिविधियों की जांच की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद से व्यापारिक क्षेत्र में इस घटना से हड़कंप मच गया है।

