होटल में महिला मैनेजर से छेड़छाड़, कमरा बुक करवाकर रुका था गेस्ट, खाने का ऑर्डर देने के बहाने बुलाया

जयपुर राजस्थान राज्य

होटल में महिला मैनेजर से छेड़छाड़, कमरा बुक करवाकर रुका था गेस्ट, खाने का ऑर्डर देने के बहाने बुलाया

जयपुर। जयपुर की होटल में महिला मैनेजर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। होटल में कमरा बुक करवाकर आरोपी गेस्ट पिछले पांच दिनों से रुका हुआ था। खाने का ऑर्डर देने के बहाने बुलाकर आरोपी गेस्ट ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सांगानेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच SI पुष्पा कर रहीं हैं।

पुलिस ने बताया कि सांगानेर निवासी 28 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने बताया- वह सांगानेर में एक होटल में मैनेजर के पद पर जॉब करती है। 10 दिसंबर को झुंझुनूं निवासी नेतराम जाट उर्फ बाबूलाल जाट होटल में कमरा बुक करवाकर रुका था। मैनेजर ने आरोप लगाया कि 15 दिसंबर की रात करीब 11 बजे आरोपी गेस्ट नेतराम ने ऑफिस के मोबाइल नंबर पर कॉल किया। उसके कॉल उठाने पर बोला- मुझे खाना खाना है। कमरे में आकर खाने का ऑर्डर ले आओ और आपको ही आना है।

ऑर्डर लेने जाने पर हाथ पकड़कर कमरे के अंदर खींच लिया और गेट बंद कर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। चिल्लाने पर आरोपी ने मुंह दबा दिया और जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा। जैसे-तैसे धक्का देकर चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकलकर अपनी इज्जत बचाई। होटल के ऑफिस में आकर ऑनर को कॉल कर गेस्ट के छेड़छाड़ करने और धमकी देने की शिकायत की। होटल मालिक ने आकर गेस्ट को समझाकर भेज दिया। लगातार मिल रही कॉल पर धमकियों से परेशान होकर उसने सांगानेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।