रौशनीघर से हेड पोस्ट ऑफिस तक सड़क बनी अतिक्रमण का शिकार, जाम से बेहाल आमजन, कंहा है ट्रैफिक पुलिस? देखें वीडियो..
दैनिक खबरां,बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। रौशनीघर चौराहे से हेड पोस्ट ऑफिस तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्था की मार झेल रही है। त्यौहारों के चलते इस सड़क पर आवाजाही कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। वंही कपड़े के शोरूमों के बाहर सड़क पर ही कैंपर गाड़ियां, कारें और मोटरसाइकिलें खड़ी कर दी जाती हैं, वंही कुछ एक दुकानदार नें बकायदा टेंट भी लगा रखे है। जिससे पूरी सड़क जाम हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खरीदारी करने वाले वाहन चालकों की मनमानी पार्किंग के चलते दिनभर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। कई बार तो यह जाम हेड पोस्ट ऑफिस से लेकर चोंखूँटी ब्रिज तक फैल जाता है, जिससे पैदल चलने वाले और वाहन चालकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि यह मार्ग बीकानेर की मुख्य और व्यस्त सड़कों में से एक है, जहाँ दिनभर हजारों लोग आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस का यहाँ कोई अता-पता नहीं होता। न तो यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई जवान तैनात रहते हैं और न ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है। प्रशासन और पुलिस की अनदेखी के कारण त्योहारों के सीजन में हालात और बिगड़ रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया जाए और अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई हो, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

