बीकानेर : नाकाबंदी तोड़ भागने का किया प्रयास, पुलिस ने पीछा कर तस्कर को दबोचा, करीब डेढ़ क्विंटल डोडा जब्त
बीकानेर। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देशन में दंतौर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में डोडा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम द्वारा एनएच-911 दंतौर तिराहे पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान जग्गासर की तरफ से एक ब्रेजा कार तेज रफ्तार से आती हुई दिखाई दी। जिसे रूकने का इशार किया गया लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर गाड़ी को भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर गाड़ी को रोका और गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से एक क्विंटल 40 किलो डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने गाड़ी से करीब 5 लाख रूपए नकदी भी जब्त की है। पुलिस ने अवैध डोडा के साथ रावला के रहने वाले अग्रेजसिंह पुत्र लखवीर सिंह को गिरफ्तार कर गाड़ी को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

