ऑनलाइन जुआ खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 16 लोग गिरफ्तार, 156 मोबाइल जब्त
राजस्थान के चुरू शहर में मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन जुआ खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर मौके से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। इनके पास से कुल 156 मोबाइल फोन, पांच पावर बोर्ड, 37 चार्जर जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, इनके विभिन्न रजिस्टरों में लगभग 76 लाख रुपये का हिसाब मिला और ऐप के वॉलेट में भी 20 लाख रुपये मिले।
चूरू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नारायण टोगस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन जुआ खिलाया जा रहा हैं। इस पर पुलिस की दो टीमों ने बूटियां निवासी श्रवण कुमार और शीश राम के अलग-अलग मकान पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि आरोपी श्रवण कुमार के घर में एक कमरे में सात लोग 67 मोबाइल और शीश राम के घर में नौ लोग 89 मोबाइल रखकर ऑनलाइन जुआघर चला रहे थे। पुलिस ने सभी 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद सामग्री जब्त कर ली है।
अधिकारी ने कहा कि चुरू के थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर इस प्रकार से जुआ खेलने के लिये मंच प्रदान करने वाली मोबाइल ऐप के निर्माताओं की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ऐप के माधयम से विभिन्न ऑनलाइन खेले जाने वाले खेलों में समूह बनाकर उसमे शामिल होते थें। वो बाहर के एक खिलाड़ी को शामिल कर उससे रूपये लगवाते और बाद में उसे हरवा कर विभिन्न पेमेंट गेटवे के माध्यमों से रकम प्राप्त कर लेते थें।

